पांच मल्टीपैरा मॉनीटर और 12 चैनल ईसीजी मशीन खरीदने को मंजूरी, डीएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
श्रीनगर। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने गुरुवार को संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में स्त्री रोग विभाग के लिए करीब 10 लाख रुपये की लागत से लैप्रोस्कोपिक सेट खरीदने को मंजूरी दी गई। वहीं, इमरजेंसी विभाग के लिए पांच मल्टीपैरा मॉनीटर और एक 12 चैनल ईसीजी मशीन खरीदने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
उप जिला चिकित्सालय में आयोजित बैठक में डीएम ने चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, दवाओं, उपकरणों, प्रसव सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ‘खुशियों की सवारी’ सेवा का उपयोग अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांचों के लिए भी करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिकित्सालय में काउंसलर तैनात करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में भर्ती मरीजों, ऑपरेशन, प्रसव और एक्स-रे की संख्या में वृद्धि हुई है। डीएम ने चिकित्सालय के लघु निर्माण कार्यों के लिए बजट बढ़ाने और चिकित्सा प्रबंधन समिति की धनराशि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैटरनिटी टेबल खरीदने को भी कहा।
बैठक के बाद डीएम ने अस्पताल के महिला एवं पुरुष वार्ड, आईसीयू, इमरजेंसी, ऑपरेशन थियेटर, लेबर वार्ड, ओपीडी, जन औषधि केंद्र और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से उपचार, भोजन और अन्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। फार्मेसी स्टोर में दवाओं की उपलब्धता जांचते हुए सभी निर्धारित दवाएं अस्पताल से ही निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के बाहर उपलब्ध सुविधाओं और जांचों की सूची प्रदर्शित करने को कहा, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी न हो।
डीएम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (अर्ली इंटरवेंशन सेंटर) स्थापित करने की संभावनाएं भी देखीं। प्रस्तावित भवन जर्जर मिलने पर उन्होंने अन्य स्थान पर केंद्र संचालन की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। केंद्र में बच्चों के श्रवण परीक्षण, विकासात्मक विलंब की पहचान और आवश्यक थेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं।
उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन संयंत्रों और अन्य चिकित्सा उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता, मरीजों के प्रति स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार और उपचार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में महापौर आरती भंडारी, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलडी सेमवाल,सीएमएस डॉ रचित गर्ग,एसडीएम नूपुर वर्मा सहित समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






