खिर्सू मंडल भाजपा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन; भैंसोड़ा एवं टीला में महिला मंगल दलों को वितरित की सांस्कृतिक सामग्री
उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने आज खिर्सू में भारतीय जनता पार्टी के मंडल कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मंडल कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
डॉ. रावत ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और जनसेवा के संकल्प से संगठन निरंतर आगे बढ़ता है। मंडल कार्यालय के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित करने के साथ ही आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के प्रयासों को भी गति मिलेगी।
महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित
इसके पश्चात डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामसभा भैंसोड़ा एवं ग्रामसभा टीला में आयोजित कार्यक्रमों में महिला मंगल दलों की बहनों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने महिला मंगल दलों की सभी बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। हमारी मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति हमारी विशिष्ट पहचान है। गांवों में महिला मंगल दल सांस्कृतिक विरासत को संजोने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और पारंपरिक आयोजनों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन दलों के माध्यम से महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ समाज को जोड़ने का कार्य भी कर रही हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को प्रोत्साहन मिले, उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्राप्त हो तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। महिला मंगल दलों को आवश्यक सांस्कृतिक सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य भी ग्रामीण क्षेत्रों में लोक परंपराओं को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक अपनी सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, लोक संस्कृति का संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांवों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गेरोला, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सम्पत सिंह रावत, जिला मंत्री रमेश मंदवाल, ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी, पैठाणी मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, वीरेन्द्र सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश राठी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






