रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में द्वितीय केदार भगवान श्री मध्यमहेश्वर धाम के कपाट सोमवार को प्रातः आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मध्यमहेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली सोमवार को गौण्डार गांव में रात्रि विश्राम करेगी। 17 नवंबर को रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर, 18 नवंबर को गिरिया गांव में रात्रि विश्राम के बाद 19 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
डोली के पहुंचने पर मंदिर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार स्वागत और पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद शीतकाल में भगवान मध्यमहेश्वर की पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान यहीं भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती, ऊखीमठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।






