ब्यूरो । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित परिसंपत्ति विवादों के निस्तारण और पूर्व में हुए समझौतों के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।बैठक में धामी ने बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के पुराने एवं जर्जर पुलों के मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।दोनों मुख्यमंत्रियों ने परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और अन्य लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने पर सहमति जताई। धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग एवं समन्वय से परिसंपत्तियों से जुड़े कई मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने शेष मामलों के भी आपसी सहमति से शीघ्र निस्तारण का विश्वास जताया।इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न लंबित मामलों के समाधान में सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।






