राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के एनाटॉमी विभाग में पहुंचकर भरा शपथ प्रमाण पत्र, चिकित्सा शिक्षा में योगदान की जताई इच्छा।
यूपीसीएल पौड़ी में कार्यरत हैं 56 वर्षीय पुरुषोत्तम दत्त पांडेय, मेडिकल कॉलेज ने पूरी की पंजीकरण प्रक्रिया
श्रीनगर। इंसान अपने जीवन में समाज के लिए कई तरह से योगदान देता है, लेकिन कुछ संकल्प ऐसे होते हैं जो जीवन के बाद भी मानवता की सेवा का माध्यम बन जाते हैं। इसी भावना के साथ श्रीनगर क्षेत्र के 56 वर्षीय पुरुषोत्तम दत्त पांडेय ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मंगलवार को मुसोली गांव, लंग्वाल्यूं, बगड़ पट्टी चलणस्यूं, श्रीनगर निवासी पुरुषोत्तम दत्त पांडेय राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के एनाटॉमी विभाग पहुंचे और देहदान के लिए शपथ प्रमाण पत्र भरकर अपनी सहमति दी। वर्तमान में वह यूपीसीएल पौड़ी में कार्यरत हैं।
इस दौरान एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल द्विवेदी ने देहदान पंजीकरण से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए उन्हें पंजीकरण प्रपत्र प्रदान किया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने देहदान जैसे पुनीत कार्य के लिए आगे आने पर पुरुषोत्तम दत्त पांडेय की सराहना की। उन्होंने कहा कि देहदान और अंगदान मानवता की सेवा का उत्कृष्ट माध्यम हैं। देश के प्रधानमंत्री भी ‘मन की बात’ सहित विभिन्न अवसरों पर देशवासियों को अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देहदान से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को मानव शरीर की संरचना समझने और बेहतर चिकित्सकीय ज्ञान प्राप्त करने में मदद मिलती है। पुरुषोत्तम दत्त पांडेय का यह पुन्य संकल्प समाज के अन्य लोगों को भी देहदान के लिए बड़ी प्रेरणा है।






