श्रीनगर, गढ़वाल । आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा श्रीनगर मंडल ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल विस्तारक शैलेन्द्र सिंह चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़े के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सभी शक्ति केंद्रों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होने पर कार्यकर्ताओं की सराहना की गई। साथ ही मंडल के सभी बूथों का सत्यापन एवं स्थापन कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई।
मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करें। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल के क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं, मंडल विस्तारक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और प्रत्येक मतदाता से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में मंडल महामंत्री, दिनेश पटवाल, मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती, नगमा तौफीक, मोनिका कंडारी, शरोंन प्रभाकर और उषा कंडारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






