पौड़ी। पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप विकसित करने के प्रयास तेज हो गए हैं। मंदिर परिसर में निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेने पहुंचीं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों और मंदिर समिति के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर की पारंपरिक वास्तुशैली और पौराणिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे प्रमुख धार्मिक तीर्थाटन केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर के नवनिर्मित कक्षों में प्रतीक्षालय और पूजा हॉल की नाम पट्टिकाएं लगाने, पूजा कक्ष व्यवस्थित करने, पेयजल के लिए वाटर प्यूरीफायर लगाने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। इसके अलावा मंदिर के प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण, भवन की फिनिशिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों पर साइनेज और व्यू कटर लगाने को कहा। मंदिर परिसर में डेकोरेटिव पोल के साथ इनबिल्ट साउंड सिस्टम स्थापित किया जाएगा, जिससे धार्मिक संगीत और भजन प्रसारित होंगे।
उन्होंने मुख्य मंदिर और परिसर के अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने तथा पुरातत्व विभाग के माध्यम से विशेष रासायनिक प्रक्रिया से उनकी सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित करने, घाट निर्माण, मंदिर तक पहुंचने वाले पुल पर सुरक्षा जाली लगाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और कूड़ेदान स्थापित करने के कार्य प्रस्तावित हैं। मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर बनाने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने धार्मिक गतिविधियों के बेहतर संचालन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए पुजारियों का पंजीकरण कराने की बात कही।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में शौचालय और डंपिंग जोन बनाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहु मंदिर का व्यवस्थित विकास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति के सदस्य, व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहे।






