रातभर चलाया गया सर्च अभियान, सुबह बरामद हुआ कर्मचारी का शव; असम का रहने वाला था मृतक,,
चमोली। जनपद के पीपलकोटी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरकर एचसीसी कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद नदी में लापता हुए कर्मचारी की तलाश में एसडीआरएफ ने रातभर सर्च अभियान चलाया। शनिवार सुबह पुनः शुरू किए गए अभियान के दौरान टीम ने उसका शव बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात्रि को जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एसडीआरएफ पोस्ट जोशीमठ को सूचना मिली कि पीपलकोटी क्षेत्र में एचसीसी कंपनी का एक कर्मचारी नदी में डूबकर लापता हो गया है। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ के जवानों ने रात के अंधेरे में नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कम दृश्यता के कारण रात में कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद 22 नवंबर की सुबह टीम ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद लापता कर्मचारी का शव बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारी पहाड़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी। एसडीआरएफ की टीम ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक की पहचान मोहन लोहार (पुत्र बुद्धू लोहार), निवासी सोनितपुर, असम के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।






