,
पांच दिन बाद सोनप्रयाग थाने में तहरीर दर्ज,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला भाजपा की जिला पदाधिकारी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला को रिपोर्ट दर्ज ना कराये जाने को लेकर दबाव भी बनाया गया, लेकिन महिला नहीं मानी और पांच दिन बाद थाना सोनप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जाँच में जुट गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि गत 13 अक्टूबर की रात को राकेश चन्द्र शुक्ला ग्राम नागजगई बसुकेदार ने मुझे फोन किया और अपने कमरे (टेंट) केदारनाथ बैस कैंप के दरवाजे खुले रखने को कहा गया, लेकिन मैं अपना फोन बन्द करके सो गई। उक्त व्यक्ति द्वारा पूर्ण होशो हवाश में मेरे टेंट में घुसकर छीना झपटी की गई। महिला ने बताया कि टेंट में घुसकर बलात्कार करने का प्रयास किया। मैंने चिल्लाकर अपनी इज्जत बचाई। मेरे परिवार को उक्त व्यक्ति से भविष्य में बहुत खतरा है। महिला ने उक्त व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने की मांग की।
बताया जा रहा है कि महिला भारतीय जनता पार्टी की जनपद में पदाधिकारी भी हैं। महिला पर मामले को दबाने को लेकर दबाव भी बनाया गया है। बीते 13 अक्टूबर की घटना के बाद 18 अक्टूबर को सोनप्रयाग थाने में तहरीर देने के बाद मुकदमा पंजीकृत किया गया। सोनप्रयाग थाना प्रभारी देवेन्द्र असवाल ने बताया कि संबंधित के विरुद्ध 333, 74 भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जायेगी।







