श्रीनगर, गढ़वाल । राज्य आंदोलनकारी एवं देवप्रयाग के पूर्व विधायक स्वर्गीय दिवाकर भट्ट के सम्मान में नव निर्मित बडियार-सुपरा-घणजी मोटर मार्ग का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। ग्राम्य विकास मंत्री भारत सिंह चौधरी ने इस संबंध में विधायक विनोद कंडारी की संस्तुति को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंत्री भरत सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विधायक विनोद कंडारी ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नव निर्मित बडियार-सुपरा-घणजी मोटर मार्ग का नाम स्वर्गीय दिवाकर भट्ट के नाम पर रखने की अनुशंसा की थी। जनहित एवं क्षेत्रवासियों की भावनाओं को देखते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि स्वर्गीय दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। कहा कि क्षेत्र के विकास तथा जनहित के मुद्दों पर उनके योगदान को देखते हुए सड़क का नाम उनके नाम पर रखने को लेकर उनके द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा था। बताया कि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह की स्वीकृति के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। वहीं देवप्रयाग क्षेत्र के लोगों द्वारा इसे दिवाकर भट्ट के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।







