अज्ञात वाहन की टक्कर से टूटा सींग, पैर और कमर में आई चोटें; बेहोश कर उपचार के बाद क्रेन से पहुंचाया गौशाला
रुद्रप्रयाग। जवाड़ी बाईपास स्थित काला पहाड़ बैंड के पास सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल नंदी दर्द से बेकाबू हो गया। वह सड़क पर दौड़ते हुए गुजर रहे वाहनों से टकराने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे में नंदी का एक सींग टूट गया था तथा पैर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं।
सूचना पर गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी पशुपालन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नंदी को नियंत्रित करने के लिए पशुपालन विभाग की मदद से उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

घायल नंदी को रेंतोली गौशाला पहुंचाना भी चुनौती बना रहा। नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने उसे उठाकर वाहन तक पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन और चोटों के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में क्रेन की मदद से नंदी को उठाकर रेंतोली गौशाला पहुंचाया गया, जहां पशुपालन विभाग की टीम उसकी निगरानी और उपचार कर रही है।
गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंश को सड़कों पर बेसहारा छोड़ने से वे वाहनों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं और दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। उन्होंने लोगों से गौवंश को सड़कों पर न छोड़ने की अपील की।
रेस्क्यू अभियान में गौ रक्षा विभाग के अंकित राणा, दुर्गेश चमोली, पशुपालन विभाग के दुर्गा प्रसाद देवशाल समेत नगर पालिका कर्मचारी और स्थानीय युवा मौजूद रहे।






