जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग ने पत्रकार वार्ता कर मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान की शुरुआत की
श्रीनगर, गढ़वाल।देवप्रयाग जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को नैथाणा स्थित निजी होटल में पत्रकार वार्ता कर केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलकर जी राम जी किये जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।देवप्रयाग जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को खत्म करने के लिये संसद में जनविरोधी कानून लाया गया है, जिसमें मनरेगा का नाम बदला गया है, जिससे साफ स्पष्ट होता है कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के नाम को केंद्र सरकार को हटाना था। बताया कि गाँधी का योगदान देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण रहा है। ऐसी शख्सियत का नाम हटाकर मनरेगा को कमजोर तो किया गया है, साथ ही आम गरीब आदमी के रोजगार के अधिकार को खत्म किया जा रहा है।असवाल ने बताया कि मनरेगा योजना को खत्म करने की साजिश के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 10 जनवरी ने 26फरवरी तक रोड मैप तैयार कर मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान की शुरुआत की है।11जनवरी को प्रत्येक जिले में एक दिन का उपवास रखकर केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक विरोध किया जायेगा।

12 से 29 जनवरीप्रत्येक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क किया जायेगा, जिसमें ग्राम प्रधान,पूर्व जनप्रतिनिधि, रोजगार सेवक और श्रमिकों से चर्चा और नुक्कड़ सभाएँ आयोजित की जायेंगी। अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के पत्रों का ग्राम सभाओं में वितरण किया जायेगा। 30जनवरी को वार्ड स्तर पर संवैधानिक मूल्यों के अधिकारों को लेकर शांति पूर्ण धरना दिया जायेगा। 7 से 15फरवरी तक केंद्र सरकार द्वारा लागू किये गए जी राम जी बिल के खिलाफ राज्य स्तर पर विधानसभा का घेराव किया जायेगा।16 से 25फरवरी तक पूरे देश में चार एआईसीसी रैलियां निकाली जायेंगी।मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्याम लाल आर्य, पीसीसी सदस्य मोहनानंद डोभाल, अंकित सिंह, अमन शाह, गम्मा सिंह, मुकेश बर्त्वाल, पंकज जोशी आदि मौजूद रहे।







