खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित मां पूर्णागिरि मंदिर के मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2.54 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का लोकार्पण किया। उन्होंने मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और प्रसाद वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं एकता का संदेश देते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






