श्रीनगर, गढ़वाल । चारधाम यात्रा से पहले प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर परिसर आधुनिक रोशनी से जगमगाने लगा है। जिला प्रशासन की पहल पर मंदिर परिसर में अत्याधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है, जिससे पूरा मंदिर रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी में आकर्षक और भव्य दिखाई दे रहा है। शाम ढलते ही मंदिर परिसर में फैलती जगमगाहट श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि धारी देवी मंदिर चारधाम यात्रा मार्ग का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था स्थापित की गई है। कहा कि जिला प्रशासन चारधाम यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, साथ ही यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम को जिला प्रशासन की पहल पर स्थापित किया गया। यह प्रोग्रामिंग आधारित सिस्टम है, जिसे कंप्यूटर के माध्यम से संचालित किया जाता है। इसके जरिए विभिन्न रंगों और पैटर्न की रोशनी मंदिर परिसर में प्रदर्शित होती है, जिससे रात में मंदिर की भव्यता और भी अधिक निखरकर सामने आती है। बताया कि कंपनी द्वारा 2 मार्च को यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था। मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पाण्डेय ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।






