रुद्रप्रयाग। बुग्यालों के संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के लिए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने 18 से 21 अक्तूबर तक विशेष गश्ती अभियान चलाया। प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने तीन दिनों में करीब 60 किलोमीटर पैदल गश्त कर उच्च हिमालयी क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने उत्तरी जखोली रेंज के पंवाली कांठा, माटिया और राजखरक बुग्याल के साथ धारकुड़ी, लस्तरगाड़ और बधानी क्षेत्र का जायजा लिया। प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि उच्च हिमालयी बुग्याल जैव विविधता, प्राकृतिक जल स्रोतों एवं पर्यावरणीय संतुलन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्रों का संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा नियमित गश्त, संरक्षण कार्यों की निगरानी तथा वन्यजीव आवासों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। गश्त के दौरान टीम को हिमालयी मोनाल, हिमालयी भालू, लाल लोमड़ी (रेड फॉक्स), गुलदार एवं सांभर सहित विभिन्न वन्यजीवों की प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष उपस्थिति के साक्ष्य मिले, जो क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाते हैं। इस अभियान में डॉ. दिवाकर पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी, जखोली तथा सुरेंद्र सिंह वन क्षेत्राधिकारी, उत्तरी जखोली सहित वन विभाग की 10 सदस्यीय टीम ने सहभागिता की।——






