जोशीमठ। सिंहधार वार्ड में मंगलवार देर रात भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। भालू ने एक गाय पर भी हमला किया।घटना देर रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। स्थानीय लोगों ने नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद टीम मौके पर नहीं पहुंची। उन्होंने भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने, क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






