श्रीनगर, गढ़वाल । रेनबो पब्लिक स्कूल, श्रीनगर की छात्रा काजल नौटियाल ने सीबीएसई जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट ट्रायल्स में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर काजल का चयन सीबीएसई अंडर-19 बालिका राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 के लिए हुआ है।

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय शारीरिक शिक्षा शिक्षक अतुल उनियाल और राकेश डंगवाल के कुशल मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और निरंतर प्रेरणा को दिया है। विद्यालय का कहना है कि शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का ही परिणाम है कि छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी जगह बनाई है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेखा उनियाल ने काजल नौटियाल को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि काजल राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित करेंगी।






