रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए तीर्थयात्रियों को केदारनाथ धाम नहीं भेजा जा रहा है।मार्ग बाधित होने के कारण गौरीकुंड गेट से श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और उन्हें वापस लौटाया जा रहा है। प्रशासन लगातार पैदल मार्ग की स्थिति का आकलन कर रहा है तथा मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य जारी है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक केदारनाथ यात्रा के लिए प्रस्थान न करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पैदल मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया जाएगा।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए सभी यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने का अनुरोध किया गया है।






