,
कीर्तिनगर ,टिहरी गढ़वाल ।विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक विनोद कंडारी ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले दबाव और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।विधायक कंडारी ने बताया कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग और ऋषिकेश के बीच एकमात्र प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यात्रा सीजन में यहां मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि होती है, ऐसे में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड मशीन और तकनीशियनों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। मांग पत्र में सीएचसी कीर्तिनगर में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने एवं तकनीशियन की नियुक्ति, सीएचसी हिंडोलाखाल में तकनीशियन की तैनाती, तथा बागी देवप्रयाग स्थित सीएचसी को संयुक्त चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग की गई।इसके अतिरिक्त, सीएचसी हिंडोलाखाल और कीर्तिनगर को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने की भी मांग रखी गई, ताकि क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हो सकें।इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर गढ़वाल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रचित गर्ग को प्रत्येक माह दो-दो दिन के लिए सीएचसी देवप्रयाग और हिंडोलाखाल में अल्ट्रासाउंड सेवाएं देने हेतु तैनात किया गया है।विधायक कंडारी ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।






