श्रीनगर। श्रीनगर महिला थाने में दो युवतियों के गायब होने की गुमशुदुगी रिपोर्ट पर महिला थाना पुलिस को आखिरकार सफलता मिली है।पुलिस के मुताबिक एक युवती को हरिद्वार व दूसरी युवती को एक युवक के साथ हरिणाणा के गुरुग्राम से वापस लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे के निर्देशन में महिला सुरक्षा के प्रति महिला थाना पुलिस प्रतिबद्धता दिखाये गये हुए है। पुलिस के अथक प्रयासों से गुमशुदा युवतियों को गैर प्रान्त हरियाणा एवं हरिद्वार से सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि टिहरी गढ़वाल की एक महिला ने दो माह पूर्व सूचना दी कि उनकी बहन श्रीनगर से बिना बताये कहीं चली गई थी, जिस संदर्भ में मामला पंजीकृत हुआ था, जिसे पुलिस द्वारा हरिद्वार में नौकरी करते हुए पाया गया।पुलिस द्वारा युवती को हरिद्वार से वापस लाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। जबकि विगत 9 नवम्बर श्रीनगर के श्रीकोट से अपने चाचा के घर आयी युवती के गायब होने की सूचना में भी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को गुरुग्राम हरियाणा में बरामद किया है।थानाध्यक्ष संध्या नेगी ने बताया कि युवती को अभियुक्त करन कुमार पुत्र संजय लाल, निवासी ग्राम- तिलणी पोस्ट-सुमेरपुर, जिला रुद्रप्रयाग बहला फुसलाकर गुरुग्राम हरियाणा भगा कर ले गया था। जिस संदर्भ में अभियुक्त के खिलाफ पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस टीम में संदीप चौहान एवं महेन्द्र मौजूद थे।







