श्रीनगर गढ़वाल। सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल, गुरुद्वारा रोड श्रीनगर के मेधावी छात्र शशांक पुरोहित को हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। शशांक ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की वरीयता सूची में चौथा स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास के कैंप कार्यालय में राज्य सरकार के प्रतिष्ठित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।यह पुरस्कार प्रतिवर्ष हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की प्रदेश स्तरीय वरीयता सूची में शीर्ष दस स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किया जाता है। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त कर शशांक ने अपने परिवार और विद्यालय के साथ ही श्रीनगर शहर तथा पौड़ी जनपद का गौरव बढ़ाया है।परिवार में पहले भी मिल चुका है यह सम्मानशशांक पुरोहित की इस उपलब्धि की एक खास बात यह भी है कि उनके बड़े भाई मयंक पुरोहित भी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। दोनों भाइयों की शैक्षणिक उपलब्धियों ने परिवार के साथ विद्यालय का मान भी बढ़ाया है।

शशांक के पिता राजेंद्र पुरोहित सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल श्रीनगर में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता बिमला पुरोहित आर्ष पब्लिक स्कूल, श्रीनगर डांग में अध्यापिका हैं।विद्यालय परिवार ने जताई खुशीशशांक की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश चंद्र मैठाणी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शशांक शुरू से ही प्रतिभावान और मेहनती छात्र रहा है। उसकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।शशांक को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने पर विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






