कीर्तिनगर, गढ़वाल । जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लोस्तु-बड़ियारगढ़ के तेगढ़ बाजार में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं विपक्षी सांसदों के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के साथ किया गया व्यवहार भी लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में देशभर में 154 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, लेकिन सरकार ने इसकी जवाबदेही तय नहीं की। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्रों के घायल होने और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्रता की भी निंदा की। कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। जिला महासचिव रघुवीर सिंह भंडारी ने कहा कि पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास करती रही तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में न्याय पंचायत अध्यक्ष कुंदन रावत, प्रदेश सचिव सोशल मीडिया रामलाल नौटियाल, डॉ. शिव प्रसाद गैरोला, सुमन नेगी, दीपक नेगी, आशा लाल, दीपचंद टम्टा, मानवेंद्र भंडारी, सोहन सिंह असवाल, सुमन पुंडीर, देवेंद्र भंडारी, सुशील गैरोला, मदन लाल, मुकेश जोशी सहित आदि मौजूद थे।







