श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के अंतर्गत पैंडुला-अमरोली-कणोली मैखंडी मोटर मार्ग के अपग्रेडेशन का कार्य शुरू हो गया है। करीब 7 करोड़ 60 लाख की लागत से होने वाले अपग्रेडेशन कार्य के अंतर्गत मार्ग के क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण, मार्ग का चौड़ीकरण, स्क्रपर निर्माण आदि कायों के साथ ही सड़क पर डामर का टॉप कोट का कार्य भी होगा। गुरूवार को विधायक विनोद कंडारी ने मार्ग के अपग्रेडेशन कार्य का भूमिपूजन किया। पीएमजीएसवाई कीर्तिनगर के अंतर्गत 10 किमी. लंबे पैंडुला-अमरोली-कणौली मैखंडी मोटर मार्ग के अपग्रेडेशन किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। जिसके लिए साढ़े सात करोड़ से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया है। मार्ग के जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। कई बार लोगों की ओर से इस मामले में विभाग व शासन को ज्ञापन भेजे गए। जिसके चलते अब मार्ग के सुधारीकरण का कार्य शुरू हो पाया है। जल्द ही मार्ग चकाचक हो जाएगा। इस मौके पर मैखंडी प्रधान मीनाक्षी पुंडीर, कणोली प्रधान रश्मि देवी, न्यूली प्रधान संजय देव डंगवाल, महिपाल बुटोला, रणजीत सिंह जाखी, मुकेश लखेड़ा, कलम सिंह बुटोला, विकास मेहरा, पंकज उनियाल, मातबर रावत, सुरेश चंद्र आदि मौजूद रहे।







