श्रीनगर, गढ़वाल । नशा तस्करी के खिलाफ श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर रविवार तड़के श्रीनगर पुलिस की ओर से आवास विकास ग्राउंड के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। बताया कि इसी दौरान पुलिस ने इको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) पुत्र स्व. कृपाल सिंह, निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार किया। बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है और एक अन्य सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा लेकर श्रीनगर आ रहा था। उसने गांजा कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने की योजना बनाई थी। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है। उसका वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत भी आपराधिक इतिहास दर्ज है।पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गांजे की आपूर्ति से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश कर रही है। कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर तस्करी की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी, हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह, कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल प्रवीण पुरी शामिल रहे।






