श्रीनगर , संवाददाता। विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के अंतर्गत खड़ोली तल्लि से थापला तक प्रस्तावित मोटर मार्ग के अवशेष भाग के निर्माण कार्य के द्वितीय चरण (स्टेज-1) का सोमवार को विधायक विनोद कंडारी ने शिलान्यास किया। 150.43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मोटर मार्ग की स्वीकृत लंबाई 4.015 किलोमीटर है।शिलान्यास के अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क संपर्क और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी, कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, दलवीर सजवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशनी चमोली, महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी लिंगवाल, सरोज थपलियाल, दीपक राणा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास पहल बताया।






