,
,
रुद्रप्रयाग। नगर क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंश को वाहन चालक कुचलकर निकल रहे हैं, जिस कारण गोवंश के पैरों में गंभीर चोटे आ रही हैं और वे घायल अवस्था में यहां-वहां मदद के लिए भटक रहे हैं। ऐसे में गौ रक्षा विभाग की टीम चोटिल गोवंश का ट्रीटमेंट कर रैंतोली स्थित गोसदन पहुंचाकर राहत देने का काम कर रहा है। अब तक गौ रक्षा विभाग की टीम पशुपालन और नगर पालिका के सहयोग से दर्जनों निराश्रित गोवंश की जान को बचा चुका है।
बता दें कि रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में आये दिन निराश्रित गोवंश की संख्या बढ़ती जा रही है, जिस कारण बाजार में जाम की समस्या के साथ ही रात के समय वाहन चालक गोवंश को कुचलकर उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर भाग रहे हैं। दिन-ब-दिन ये समस्या बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को गौ रक्षा विभाग की टीम ने पशुपालन विभाग की मदद से एक निराश्रित नंदी का ट्रीटमेंट किया। बेलनी पुल के समीप निराश्रित नंदी को वाहन चालक ने कुचल दिया। जिसके बाद वह यहां-वहां भटकने लगा। इस दौरान नंदी के पीछे के पैरों से बहुत खून भी बह गया। इसके बाद गौ रक्षा विभाग को सूचना मिली तो टीम पशुपालन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची और चोटिल नंदी का ट्रीटमेंट किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत से चोटिल नंदी का ट्रीटमेंट करने के बाद सफाई कर्मचारियों के सहायता से पालिका के वाहन से नंदी को गोसदन रैंतोली पहुंचाया गया। जहां नंदी का इलाज किया जा रहा है। साथ ही घास-चारे की भी व्यवस्था की गई है। गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण व संवर्द्धन को लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से लोग अपने मवेशियों का उपयोग करने के बाद उन्हें सड़कों में मरने के लिए छोड़ रहे हैं, जिस कारण ये वाहनों की चपेट में आकर चोटिल हो रहे हैं। गौ रक्षा विभाग पशुपालन विभाग के सहयोग से निराश्रित गोवंश का ट्रीटमेंट कर रहा है। साथ ही नगर पालिका के सहयोग से उन्हें रैंतोली गोसदन भी पहुंचाया जा रहा है। जिससे उनके जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि आये दिन निराश्रित गोवंश की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में जिले में एक हजार क्षमता का निराश्रित गोवंश शाला का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे इस समस्या से निजात मिल सके। साथ ही ग्रामीण इलाकों से गोवंश को सड़कों में छोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही किए जाने की जरूरत है। इस मौके पर गौ रक्षा विभाग के उपाध्यक्ष दीपक नौटियाल, संदीप कोठारी, दुर्गेश चमोली, पशुपालन विभाग से दुर्गा प्रसाद देवशाली, नगर पालिका से मनीष गोडियाल सहित अन्य मौजूद थे।
बॉक्स न्यूज
गौ रक्षा विभाग की टीम कर रही सराहनीय कार्य : संतोष,
रुद्रप्रयाग। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि गौ रक्षा विभाग की टीम नगर क्षेत्र में निराश्रित घूम रहे गोवंश के संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। उनकी टीम पूरी तन्मयता से यहां-वहां भटककर चोटिल हो रहे गोवंश का इलाज करने के साथ ही उनकी देखभाल भी कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के लोगों से निवेदन है कि वे अपने मवेशियों का उपयोग करने के बाद उन्हें मरने के लिए सड़कों पर ना छोड़े। उनके इस कृत्य से गोवंश वाहनों की चपेट में आकर बुरी तरह चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोवंश को सड़कों पर छोड़ने वाले पाप के भागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक लोगों के कारण शहर का माहौल खराब हो रहा है, जिसको लेकर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे