थत्यूड़ सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा, नागटिब्बा और थत्यूड़ में सड़क निर्माण को भी मिली मंजूरी
टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के लिए 52 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। साथ ही धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ रुपये और भवान बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से प्रदेश के युवा खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने और सख्त नकल विरोधी कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है। राज्य में लगभग 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण, तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के सेब, अदरक, कीवी, केसर, आलू और रोजमैरी की खेती में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।
महोत्सव में साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत के अनुवाद के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पंपिंग योजनाओं और कृषि एवं उद्यान विकास के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धनौल्टी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास के तीन किलोमीटर मार्ग और नागराजाधार मोटर मार्ग की स्वीकृति का अनुरोध किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






