केदारनाथ। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे। कपाट बंद होने के दौरान पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्री केदार के उद्घोष से गूंज उठा।कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारों का आयोजन किया गया। आसपास की पहाड़ियों पर बर्फबारी के चलते धाम में कड़ाके की ठंड रही, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के तीन बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की मौजूदगी में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। इसके बाद स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढककर गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। तत्पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाया गया। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।इसके बाद सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और जय श्री केदार के उद्घोष के बीच बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। डोली बुधवार को पहले पड़ाव रामपुर पहुंचेगी। 12 नवंबर को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी और 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां शीतकाल के दौरान भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होगी।इस अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।






