श्रीनगर, गढ़वाल। पद्मश्री तथा रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एम.सी. मेहता ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ कपिल देव पंवार को गंगा सेवा सम्मान से सम्मानित किया। डॉ पँवार को यह सम्मान
राष्ट्रीय गंगा नदी दिवस पर गंगा विश्व धरोहर मंच एवं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय नदी गंगा पर आयोजित संगोष्ठी में
दिया गया।

संगोष्ठी में गंगा के आध्यात्मिक, सामाजिक, साहित्यिक आदि पहलुओं पर चर्चा हुई।
डॉ कपिल पंवार ने गंगा के आध्यात्मिक आख्यानों और साहित्यिक रचनाओं का उल्लेख करते हुए गंगा कविता का पाठ किया और कहा कि गंगा सबकी आस्था की केंद्र है। गंगा जलस्रोत के रूप में कम से कम आधे भारत की प्राणदायिनी है लेकिन फिर भी गंगा की जलधारा की स्थिति पर्यावरणीय दृष्टि से सुखद नहीं है।इस दौरान गंगा के प्रति पर्यावरण,पत्रकारिता, धार्मिक आस्था की दृष्टि से समर्पित अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।







