श्रीनगर, गढ़वाल । राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने गुरुवार को बेस अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
प्राचार्य ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों के डिस्चार्ज से संबंधित कार्य वार्डों में लगे कंप्यूटरों के माध्यम से ही पूरे किए जाएं। साथ ही मरीजों के सैंपल वार्ड बॉय के जरिए लैब तक भेजे जाएं और उनकी रिपोर्ट भी वार्ड में ही कंप्यूटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय की बचत हो और मरीजों को अनावश्यक परेशानी न हो। बताया कि व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। प्राचार्य ने वार्डों में स्थापित इंटरकॉम सेवा के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए नर्सिंग स्टाफ को सभी जरूरी नंबर वार्डों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
डॉ. सयाना ने कहा कि मरीजों से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए मरीज सहायता संपर्क केंद्र का उपयोग किया जाए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को त्वरित सहायता मिल सके। मौके पर फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।






