रातभर चला रेस्क्यू अभियान, चार घायलों को हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को भट्टवारी-कण्डारा क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) खाई में गिर गया था। वाहन में नौ से दस लोगों के सवार होने की सूचना पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
हादसे में ग्राम रांसी निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), ग्राम देड़ा निवासी सूरत सिंह (42) और रांसी के दादा गैड़ बस्ती निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई।
वहीं, रांसी निवासी उम्मेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), कांथा निवासी वंशिका (8) और पूजा (34) तथा चिलौंड निवासी उर्मिला देवी (33) घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






