रुद्रप्रयाग -विश्व प्रसिद्ध चंद्रशिला-तुंगनाथ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया। ऊंचाई वाले इस संवेदनशील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वज्रपात की चपेट में आने से दो लोग प्रभावित हुए हैं, जिसके बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र तुरंत सक्रिय हो गया।जानकारी के मुताबिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को शुक्रवार दोपहर करीब 02:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से आर.टी. सेट के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, DDRF तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल अलर्ट कर मौके के लिए रवाना किया गया है। दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में खराब मौसम के बीच रेस्क्यू अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इससे आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रभावित दोनों व्यक्तियों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी भेजे जा सकते हैं।






