: ब्यूरो
पर्वतारोहण का जुनून रखने वाली नैनीताल की महज आठ साल की नंदादेवी साह ने माउंट रुद्र गौरा अभियान के दौरान 5,300 मीटर (17,480 फीट) की ऊंचाई हासिल कर सबको चौंका दिया। शहर के ऑल सेंट्स कॉलेज में कक्षा 4 की छात्रा नंदादेवी अपने पिता और दल लीडर अनीत साह के साथ 3 जून से 15 जून तक चले “रुद्र गौरा माउंटेन एल्टीट्यूड एक्सपीडिशन” में शामिल हुई थीं।
इस अभियान का संचालन रुद्र गौरा माउंटेन एल्टीट्यूड एक्सपीडिशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया था। इस दल में पुणे से आए डॉ. नीलम वैद्य, डॉ. संजय वैद्य, डॉ. शशांक शोत्रीय, डॉ. बसंथ अल्बा, नैनीताल की करुणा साह, मुक्तेश्वर के देवेन सिंह रौतेला सहित कुल 25 सदस्य शामिल थे। गंगोत्री क्षेत्र से शुरू हुए इस अभियान का लक्ष्य माउंट रुद्र गौरा शिखर तक पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण टीम समिट पूरा नहीं कर सकी और सभी सदस्य सुरक्षित लौट आए। इसके बावजूद नंदादेवी ने 5,300 मीटर तक पहुंचकर अपने साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
नंदादेवी के पिता अनीत साह ने बताया कि वह बचपन से ही अपने माता-पिता के साथ ट्रेकिंग और क्लाइम्बिंग अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं। इसी अनुभव के चलते उन्होंने इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। इसी वर्ष सर्दियों में वह अपनी मां के साथ लद्दाख हिमालय में आइस क्लाइम्बिंग के लिए भी गई थीं।
नंदादेवी इससे पहले दयारा बुग्याल, चंद्रशिला, इंद्रहारा बेस कैंप और छोटा कैलाश जैसे कई कठिन ट्रेक भी पूरे कर चुकी हैं।






