रुद्रप्रयाग -दिनांक 06 जुलाई 2026 को सेक्टर मजिस्ट्रेट, केदारनाथ द्वारा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को सूचना प्राप्त हुई कि वासुकी ताल ट्रैक पर एक यात्री घने कोहरे एवं अत्यधिक धुंध के कारण रास्ता भटक गया है। प्रतिकूल मौसम एवं अत्यंत कम दृश्यता के कारण यात्री को सुरक्षित वापस लाने को लेकर SDRF टीम की सहायता मांगी गई।
सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट केदारनाथ से मुख्य आरक्षी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों सहित तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने रास्ता भटके यात्री से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उसकी अनुमानित लोकेशन प्राप्त की तथा दुर्गम एवं कोहरे से प्रभावित मार्ग पर सघन खोज अभियान प्रारंभ किया।
लगातार प्रयासों के उपरांत SDRF टीम ने यात्री विशाल वामन (उम्र 27 वर्ष), निवासी सिरसीधार, मध्य प्रदेश को सकुशल खोज निकाला। टीम द्वारा उसे सुरक्षित श्रीकेदारनाथ लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताओं के उपरांत यात्री को सेक्टर मजिस्ट्रेट, श्रीकेदारनाथ के सुपुर्द कर दिया गया।






