रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के बीच शुक्रवार सुबह बड़ा संकट खड़ा हो गया। केदारनाथ पैदल मार्ग पर छौड़ी के समीप अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा आने के कारण मार्ग बेहद संवेदनशील और जानलेवा स्थिति में पहुंच गया। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए YMF (यात्री मित्र फोर्स) की टीम को घोड़ा पड़ाव पर तैनात किया गया है। टीम मौके पर श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने से रोक रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग फिलहाल अत्यंत जोखिमपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने, अफवाहों से बचने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मार्ग से मलबा हटाने और सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही केदारनाथ पैदल यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।






