ब्यूरो -बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाले आरोपित को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, 4,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है। ब्रह्मचारी भगवत दास ने कोतवाली बदरीनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई की रात आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले को धार्मिक आस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील प्रकरण मानते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस ने बुधवार को बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास से आरोपित राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) निवासी मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और वहां ठहरे प्रभुदास के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी गया मणि जड़ित मुकुट, 4,500 रुपये नकद और काला बैग बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।






