ब्यूरो –
चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की टनल में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। टनल के भीतर फंसे लापता श्रमिकों की तलाश के दौरान शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक और श्रमिक का शव बरामद कर लिया, जबकि दो अन्य श्रमिक अब भी लापता हैं। हादसे के बाद से टनल के भीतर लगातार चल रहे अभियान के बीच रेस्क्यू एजेंसियों की चुनौती पानी और मलबे के कारण और बढ़ गई है।
इंस्पेक्टर करण सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम ने संभाला मोर्चा
SDRF की टीम निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में टनल के भीतर लगातार सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। SDRF द्वारा NDRF, चमोली पुलिस, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर टनल के संभावित हिस्सों में अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों और आवश्यक उपकरणों की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पानी बना बड़ी चुनौती, सक्शन पंप से तेजी से निकासी
टनल के भीतर जमा पानी को बाहर निकालने का काम भी युद्धस्तर पर जारी है। रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान बनाने और टनल के अंदर उन संभावित स्थानों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जहां लापता श्रमिकों के होने की संभावना है, सक्शन पंप समेत अन्य उपकरणों से पानी की निकासी की जा रही है।
दो श्रमिकों की तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें
रेस्क्यू एजेंसियां टनल के भीतर एक-एक संभावित स्थान की बारीकी से जांच कर रही हैं। मलबे, पानी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अभियान में जुटी टीमें लगातार आगे बढ़ रही हैं। लापता दोनों श्रमिकों तक पहुंचना रेस्क्यू ऑपरेशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की संयुक्त टीमें पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ अभियान में जुटी हैं। एक श्रमिक का शव बरामद होने के बाद अब टनल के भीतर लापता दो श्रमिकों की तलाश और भी निर्णायक चरण में पहुंच गई है। रेस्क्यू टीमों द्वारा उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।






