श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय सहित महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत निर्धारित समय पर कराए जाने की मांग को लेकर जय हो छात्र संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मुलाकात की। संगठन ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को रखते हुए समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।

जय हो छात्र संगठन के आयुष मियां, अंकित रावत, वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी समस्याओं को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। संगठन ने मांग की कि लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में चुनाव कराए जाएं, ताकि छात्रों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से चुनाव को लेकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां समय से पूरी कराने तथा छात्र संगठनों और विद्यार्थियों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि समय पर चुनाव नहीं कराए गए तो छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।






