देहरादून, । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चारधाम यात्रा-2026 की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम और भूस्खलन की लगातार निगरानी रखी जाए तथा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था उपलब्ध रहे।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री में दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली के वैकल्पिक मार्ग पर कार्रवाई तेज करने को कहा। केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, गंगोत्री मार्ग के चौड़ीकरण व गड्ढामुक्त कार्य में तेजी लाने तथा ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन के निर्देश भी दिए।
उन्होंने चारों धामों में अलाव, स्वास्थ्य सेवाएं, ऑक्सीजन, पैरामेडिकल स्टाफ, शौचालय, पेयजल, प्रकाश और शटल सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हेली सेवा के टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने और अधिक वसूली पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 14 सितंबर शाम सात बजे तक चारधाम यात्रा में 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें यमुनोत्री में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, केदारनाथ में 14,98,544, बदरीनाथ में 17,36,619 और हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं।







