चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से जोशीमठ के लिए उड़ान भरने के बाद एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 2:15 बजे बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और वह लापता हो गया। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पायलट के साथ पांच यात्री सवार थे।
हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें खोजबीन में जुट गईं। जिला प्रशासन ने राज्य की रेस्क्यू टीम के साथ सेना को भी अभियान में लगाया है। फिलहाल हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।







