दो दिन से लगातार बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आ रही है। अब तक 18,60,360 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। बर्फ की सफेद चादर से ढकी केदारनाथ की चोटियां और धाम का मनमोहक प्राकृतिक दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में केदारनाथ यात्रा का संचालन किया जा रहा है। बीते दो दिनों से धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके बावजूद श्रद्धालु ठंड और प्रतिकूल मौसम के बीच बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ठहरने, खानपान, पेयजल और चिकित्सा की व्यवस्थाएं की गई हैं। संबंधित विभागों को यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।







