विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में लेट लतीफी की तो किसी भी अधिकारी को नहीं बख्शा जाएगा
कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को खिर्सू ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक जनसम्पर्क कर क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ढिक्वाल गांव, खालू एवं चमराडा में जनसम्पर्क किया और क्षेत्र में संचालित एवं स्वीकृत विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी में दैवीय आपदा मद के अंतर्गत स्वीकृत क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी के भवन मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है और विकास योजनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में लेट लतीफी की तो किसी भी अधिकारी को नहीं बख्शा जाएगा ।
सुमाड़ी और ढिक्वाल में 100 से अधिक ग्रामीण भाजपा में शामिल
इस दौरान डॉ. धन सिंह रावत द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों से प्रभावित होकर सुमाड़ी क्षेत्र एवं ढिक्वाल गांव के 100 से अधिक ग्रामवासियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल हुए ग्रामीणों का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
नवसदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में डॉ. धन सिंह रावत के समर्थन में पूरी मजबूती से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
पेयजल, सिंचाई और सड़कों की योजनाओं की समीक्षा
इसके बाद डॉ. धन सिंह रावत ने मेडिकल कॉलेज के सभागार में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्षिक जिला योजना 2026-27 एवं राज्य सेक्टर से स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में पेयजल, सिंचाई एवं लोक निर्माण आदि विभाग से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आपदा से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए डॉ. रावत ने बताया कि आपदा से प्रभावित 24 मोटर मार्गों के टेंडर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि श्रीकोट से श्रीनगर की तरफ लगभग 700 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण 51 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए आपदा मद से 3 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा जोगड़ी मोटर मार्ग का निर्माण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग को विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
नगर क्षेत्र में भी किया जनसम्पर्क
डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 एवं वार्ड संख्या-19 स्थित भागीरथीपुरम में भी जनसम्पर्क कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक एवं कार्यक्रमों में खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, पाबो मंडल अध्यक्ष विमल नेगी, पैठाणी मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण, जिला मंत्री रमेश मन्द्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






