औली, जोशीमठ । भारत और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास युद्ध अभ्यास-2026 के तहत गुरुवार को औली में बिल्डिंग क्लियरेंस और रूम इंटरवेंशन ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास में ड्रोन, रोबोटिक डॉग, स्नाइपर टीम और डॉग स्क्वाड के समन्वित इस्तेमाल के साथ आतंकवाद विरोधी अभियान का अभ्यास किया गया।ड्रिल में एक भवन में आतंकियों के छिपे होने की स्थिति बनाई गई। कार्रवाई से पहले ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी कर संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। इसके बाद जवानों ने भवन में प्रवेश कर कमरे-दर-कमरे तलाशी और सुरक्षित करने का अभ्यास किया। सीमित स्थान में त्वरित निर्णय और संयुक्त समन्वय पर विशेष जोर रहा।अभ्यास के दौरान रोबोटिक डॉग का इस्तेमाल जोखिम वाले स्थानों की जानकारी जुटाने के लिए किया गया, जबकि स्नाइपर टीम ने सुरक्षा घेरा संभाला। प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड ने भी अभियान में भाग लिया। अमेरिकी सैनिकों ने भारतीय जवानों द्वारा उपयोग किए जा रहे उपकरणों और तकनीकों का अवलोकन किया तथा दोनों सेनाओं ने अपने अनुभव साझा किए।भारत-अमेरिका के बीच युद्ध अभ्यास-2026 का 22वां संस्करण 15 सितंबर से औली में चल रहा है। इसमें दोनों देशों के करीब 600-600 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। औली में पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में पैदल सेना आधारित अभियानों तथा आधुनिक तकनीक के साथ संयुक्त आतंकवाद विरोधी कार्रवाई की क्षमता को परखा जा रहा है।






