लैंसडाउन में अग्निवीरों से करेंगे संवाद, दो दिवसीय दौरे की तैयारियां तेज
श्रीनगर। उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित लैंसडाउन में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। दोनों अधिकारी 19 सितंबर को लैंसडाउन पहुंचकर गढ़वाल राइफल्स के कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा अग्निवीरों से संवाद भी करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार दोनों अधिकारी 19 सितंबर को लैंसडाउन पहुंचने के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे और 20 सितंबर को दिल्ली लौटेंगे। दौरे को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, हालांकि अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव संभव बताया गया है।
लैंसडाउन भारतीय सेना की प्रमुख छावनियों में शामिल है और गढ़वाल राइफल्स का मुख्य केंद्र होने के कारण इस संयुक्त दौरे को विशेष महत्व दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि अग्निवीरों के साथ प्रस्तावित संवाद सेना के प्रशिक्षण और भर्ती व्यवस्था से जुड़े युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगा।
उत्तराखंड से है अजीत डोभाल का गहरा जुड़ाव
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जन्म 20 जनवरी 1945 को पौड़ी गढ़वाल में हुआ था। उनके पिता मेजर जी.एन. डोभाल भारतीय सेना में अधिकारी थे। अजीत डोभाल ने आगरा विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर किया और अपने लंबे सुरक्षा करियर में पाकिस्तान में अंडरकवर मिशन, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों, ऑपरेशन ब्लू स्टार, कंधार विमान अपहरण संकट और अन्य महत्वपूर्ण रणनीतिक अभियानों में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2014 में उन्हें देश का राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया था, जबकि साहसिक सेवाओं के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से भी सम्मानित किया जा चुका है।





