बदरीनाथ, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली की ओर से ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में शिरकत की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की और बामणी गांव स्थित मां नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मातृशक्ति के साथ चाचणी नृत्य में भी भाग लिया।

मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्वागत किया। सेरेमोनियल ड्रेस में पुलिस जवानों ने उन्हें सलामी दी।
टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में आयोजित महोत्सव केंद्र सरकार के वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत “हमारी विरासत, हमारा भविष्य” थीम पर आधारित है। इसका उद्देश्य प्रथम गांव माणा को सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

महोत्सव में स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों, किसानों और युवा उद्यमियों ने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। भारतीय सेना की विशेष प्रदर्शनी में आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया गया, जहां विद्यार्थियों और युवाओं ने सेना के जीवन, आपदा राहत कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और पर्यटन के जरिए रोजगार बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्थवाल सहित सेना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।




