श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर मेयर आरती भंडारी व समाजसेवी लखपत भंडारी की पुत्री 12 वर्षीय तीरंदाज सनाया (माही) भंडारी ने हरियाणा के पानीपत में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप-2026 में 30 मीटर इंडियन राउंड में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 20 से 26 सितंबर तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत सिटी में आयोजित हुई।
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून की कक्षा आठवीं की छात्रा सनाया ने देशभर के खिलाड़ियों के बीच सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले वह जुलाई 2026 में सीबीएसई नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में अंडर-14 वर्ग की सिंगल और डबल स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

सनाया की सफलता में कोच कुलदीप बिष्ट के प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इससे पहले वह राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर पदक जीत चुकी हैं।
सनाया ने भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य रखा है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।







