श्रीनगर/कोटद्वार। लालढांग वन रेंज के भण्डार गृह से हाथी दांत चोरी के मामले में कोटद्वार पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू (34) निवासी गुर्जर बस्ती, गैण्डीखाता, थाना श्यामपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, लैंसडाउन वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की तहरीर पर एक नवंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने के कारण मामले को वहां स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद चार नवंबर को कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(E) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिली गोपनीय सूचना और अन्य तथ्यों के आधार पर गुलाम मुस्तफा की संलिप्तता सामने आई। वन विभाग के जांच अधिकारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी रजत कपिल ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में आरोपी ने भण्डार गृह से हाथी दांत चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 10 नवंबर को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972, भारतीय वन अधिनियम-1927 और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपी के कब्जे से भण्डार गृह का टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया सरिये का टुकड़ा बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हरिद्वार के श्यामपुर थाने में चोरी और नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।






