पौड़ी । नयार घाटी के बिलखेत में सोमवार से कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद एडवेंचर बकेट कंपनी ने पर्यटकों के लिए उड़ानें शुरू कीं। पहले दिन पायलट मयंक बिष्ट और तारा सिंह डंगवाल ने स्थानीय युवाओं के साथ सात उड़ानें भरीं।जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी ने बताया कि कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से टेकऑफ और बिलखेत स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के समीप मैदान में लैंडिंग की व्यवस्था की गई है। पर्यटक फोन के माध्यम से उड़ान की बुकिंग करा सकते हैं।कंपनी संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटकों को नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य को आसमान से निहारने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।






