धारी देवी मंदिर में अरुशी निशंक के अभियान ने चलाया स्वच्छता अभियान
श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत विजन से प्रेरित ‘यूथ4 राइजिंग भारत–केदार ड्राइव 2026’ अभियान के तहत शुक्रवार को प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरुशी निशंक के नेतृत्व में आयोजित अभियान में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), स्पर्श गंगा अभियान के स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अभियान का शुभारंभ 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया था। दिल्ली से केदारनाथ धाम तक संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।
इस दौरान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक प्रदूषण कम करने और कचरे का उचित निस्तारण करने का संदेश दिया गया। अरुशी निशंक ने कहा कि हिमालय भारत की प्राकृतिक धरोहर के साथ आध्यात्मिक चेतना का भी प्रतीक है। युवाओं की भागीदारी से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने नदियों, मंदिरों और पर्वतीय क्षेत्रों को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की अपील की।







