श्रीनगर। उत्तराखंड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतरजनपदीय एवं वाहिनी राइफल, रिवाल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का गुरुवार को श्रीनगर स्थित एसएसबी केदार फायरिंग रेंज में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के सात जनपदों की पुलिस टीमों सहित पीएसी और आईआरबी की कुल 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें 120 से अधिक निशानेबाज निशानेबाजी का कौशल दिखाएंगे।प्रतियोगिता का शुभारंभ पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने किया। उन्होंने विभिन्न टीमों के प्रबंधकों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने सलामी देकर अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने का संकल्प लिया।एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता, अनुशासन और सटीक निशानेबाजी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसी प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को भी बढ़ावा मिलता है।प्रतियोगिता में राइफल शूटिंग की 100, 200 और 300 मीटर, जबकि पिस्टल शूटिंग की 15, 25, 30 और 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। निशानेबाज राइफल, रिवाल्वर और पिस्टल शूटिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 24 अक्टूबर को होगा।






